कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनावो के लिए नॉमिनेशन भरने का अब मात्र एक दिन बचा है। कांग्रेस के अध्यक्ष पद को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है। रिटर्निंग ऑफिसर मुधसूदन मिस्त्री के 29 सितंबर को दिल्ली में नहीं होने के कारण उम्मीदवार केवल आखिरी दिन 30 सितंबर को ही आवेदन कर सकते हैं।

दिग्विजय सिंह का नाम इधर, एक बार फिर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चल पड़ा है, भारत जोड़ो यात्रा छोड़कर वे दिल्ली पहुंच गए हैं। उन्होंने केरल में मीडिया से बात करते हुए कहा कि वे अध्यक्ष पद के लिए नामिनेशन कर सकते हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पहले ही मैदान में उतरने का ऐलान कर चुके हैं और 30 सितंबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

दिग्विजय सिंह की चुनाव में एंट्री होने के बाद मुकाबले को और रोमांचित बना दिया है। ऐसे में कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव रोचक होता जा रहा है। लेकिन अभी चुनाव को लेकर कई सवाल सामने हैं जिनके जवाब मिलने बाकी हैं। जैसे क्या अब चुनाव शशि थरूर बनाम दिग्विजय सिंह होगा? या किसी और उम्मीदवार की भी चुनाव में एंट्री होगी। बताया जा रहा है कि आज राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत की सोनिया गांधी से मुलाकात हो सकती है। इसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

गहलोत और सोनिया गांधी की मुलाकात पर सभी की निगाहें
सूत्रों के अनुसार गहलोत और कांग्रेस हाईकमान के बीच राजस्थान के घमासान पर अभी गतिरोध कायम रहने की वजह से ही नेतृत्व ने दिग्विजय सिंह को उम्मीदवार बनाने का अपना वैकल्पिक प्लान बनाया है। इसलिए अब पार्टी के भीतर सबकी निगाहें गहलोत और सोनिया गांधी की मुलाकात पर लगी है जो अब गुरूवार को होने की संभावना है। संकेतों के अनुसार गहलोत और सोनिया गांधी के बीच प्रस्तावित बातचीत के बाद दिग्विजय के नामांकन की तस्वीर साफ हो जाएगी।

भारत जोड़ो यात्रा छोड़कर अचानक दिल्ली पहुंचे दिग्विजय
गहलोत की उम्मीदवारी पर जारी संशय के बीच कांग्रेस के सियासी गलियारों में दिग्विजय सिंह के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की अंदरूनी हलचलें तेज हो गई हैं। राहुल गांधी के साथ केरल में भारत जोड़ो यात्रा में मौजूद दिग्विजय सिंह का अचानक बुधवार को दिल्ली लौटना भी कुछ उनके नए राजनीतिक कदमों की तैयारी का संकेत माना जा रहा है।

Related News